पशु हमारे लिए कितने उपयोगी हैं पर निबंध (How Animals are Useful to us Essay in Hindi)

क्या आपने कभी अपने जीवन में जानवरों की भूमिका के बारे में सोचा है? यदि ऐसा नहीं है, तो आपको इससे अवगत होने की बहुत ही आवश्यकता हैं। जानवर सीधे या अन्य तरीकों से मनुष्य के अस्तित्व के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण हैं। हममें से कइयों के घरों में ये हमारे दोस्त या साथी या परिवार के हिस्से के रूप में होते हैं। कक्षाओं में अक्सर बच्चों को पालतू जानवरों के बारे में या उसकी उपयोगिता इत्यादी के बारे में निबंध या असाइनमेंट बनाने को कहा जाता हैं। पशुओं का हमारे जीवन में कितना महत्वपूर्ण स्थान है इस बारे में मैंने इस निबंध में विस्तार पूर्वक चर्चा किया है। मुझे उम्मीद है कि यह आपके लिए बहुत ही उपयोगी साबित होगा, जो छात्रों के परीक्षाओं में भी सहयोग करेगा।

पशु हमारे लिए कितने उपयोगी हैं पर दीर्घ निबंध (Long Essay on How Animals are Useful to us in Hindi, Pashu hamare liye kitne Upyogi hai par Nibandh Hindi mein)

Long Essay – 1300 Words

परिचय

हमारी पृथ्वी पर विभिन्न प्रकार के जीवित जीव पाए जाते हैं, जिनको मुख्यतः दो वर्गों में विभाजित किया गया हैं। एक पेड़-पौधों की श्रेणी है तो दूसरे को जानवरों की श्रेणी में विभाजित किया गया है। यह बात जानकर काफी हैरानी होती है कि इंसान भी कभी जानवरों की श्रेणी का ही एक हिस्सा हुआ करता थे, लेकिन इंसान अपने असाधारण गुणों के कारण वह जानवरों की श्रेणी से अलग हो गया हैं। इस ग्रह पर पारिस्थितिकी तंत्र का समर्थन करने के लिए पौधों, जानवरों और इंसान समान रूप से महत्वपूर्ण हैं।

पशु – मानव के अस्तित्व के लिए कितने आवश्यक है

जानवर या पशु शब्द आते ही हमारे आँखों के सामने कई जानवरों की छवियां उभर आती है। इनमें से कुछ ऐसे जानवर होते हैं जो हम अपने आस-पास के क्षेत्रों में देखते हैं तो कुछ को हमने केवल फिल्मों और किताबों में ही देखा होता हैं। इस ग्रह पर जानवरों का अस्तित्व मानव जाति के विकास के बाद से है। इस पृथ्वी पर अनेकों प्रकार के जानवरों का निवास हैं, जिन्हें उनकी विशेषताओं के साथ समूहीकृत किया गया है।

जीव पारिस्थितिकी तंत्र के घटकों के लिए एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। जानवरों की हर प्रजातियां पारिस्थितिकीय तंत्र के संतुलन को बनाये रखने के लिए और अन्य जैविक घटकों के लिए समान रूप से महत्वपूर्ण हैं। पौधे, जानवर और इंसान अपने अस्तित्व को बचाये रखने के लिए एक दूसरे पर निर्भर रहते हैं। उनमें से किसी एक की भी अनुपस्थिति प्रकृति में असंतुलन पैदा कर देगी। इससे उनपर निर्भर अन्य जीवों के अस्तित्व को बचाने का खतरा बढ़ जाता हैं।

पशु हमारे लिए कैसे फायदेमंद हैं?

हम अपने जीवन में जानवरों के महत्त्व को नकारा नहीं सकते। क्या यह सच नहीं है कि वो हमें भोजन, आश्रय, साहचर्य, मनोरंजन इत्यादि प्रदान करते हैं। हालांकि हम विभिन्न जानवरों के महत्त्व को अच्छी तरह से नहीं पहचान पाते हैं, जब तक की हमें उनके बारे में अच्छी तरह से पढ़कर या अन्य तरीके से अच्छी तरह जानकारी प्राप्त नहीं कर लेते। लेकिन यह सच है कि वो एक लम्बे समय से मनुष्यों के अस्तित्व में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। मनुष्य के जीवन के लिए जानवरों के महत्त्व को निचे मैंने सूचीबद्ध तरीके से बताने की कोशिश की है।

  • वो पालतू जानवरों के रूप में एक अच्छे साथी होते हैं

प्रारम्भ से ही जानवर इंसान के एक अच्छे साथी के रूप में साथ रहे हैं। उनकी वफादारी ने उन्हें इंसानों का सबसे पसंदीदा साथी बना दिया हैं। आज भी हम गावों में जानवरों को इंसानों के साथ देख सकते हैं, जिनमें से कुत्तों को आमतौर पर देखा जा सकता हैं। हममें से कइयों को जानवरों से बहुत प्यार होता हैं और हम उन्हें अपने घरों में पालतू जानवर बनाकर रखते हैं। कुत्ते, बिल्ली, खरगोश, चूहा, तोता, गाय-भैंस इत्यादि जानवरों को पालतू जानवर की तरह अपने घरो में रखते है। ये सभी काफी बुद्धिमान जानवर होते हैं और ये इंसानों की भावनाओं को अच्छी तरह से समझ सकते हैं। इसलिए हमेशा यह कहा जाता है कि पशु इंसानों के लिए एक अच्छे साथी के रूप में हमेशा उपयोगी साबित होते हैं। आज के समय में विकास और नयी तकनीक के कारण इंसानों और जानवरों के बीच दूरी बढ़ती जा रही हैं।

  • परिवहन में उपयोगी

जानवरों का उपयोग मनुष्यों के द्वारा अपने कार्य के भार को कम करने के लिए किया जाता रहा है। इनको खेतों में कार्य और खेतों से अनाज उठाने के लिए उपयोग किया जाता है। बैल, घोड़े, ऊंट, हाथी, गधे इत्यादि अन्य जानवरों का उपयोग मनुष्यों द्वारा खेतों में बोझ उठाने का काम और अन्य कार्यों को करने के लिए लिया जाता है जो कि मनुष्यों के काम को काफी आसान बना देते हैं। इसलिए उन्हें “बीस्ट ऑफ़ बर्डन” भी कहा जाता है। जानवरों को पहाड़ी या रेगिस्तानी इलाकों में परिवहन के एक महत्वपूर्ण साधन के रूप में उपयोग किया जाता है। आजकल विभिन्न प्रकार के मशीनों ने जानवरों के उपयोग को कम कर दिया है, फिर भी उनका उपयोग दुनिया के विभिन्न हिस्सों में लोगों द्वारा निरंतर रूप से किया जा रहा है।

  • हमें कपड़े सामग्री प्रदान कराते है

भेड़, बकरी, लोमड़ी, भैस, कंगारू जैसे कई जानवरों की त्वचा और उनके फरों के उपयोग से ऊनी कपड़े और चमड़ो के उपयोगी समान तैयार किये जाते है। हम जानवरों से रेशम के धागे भी प्राप्त करते हैं जिन्हें बाद में कुछ अच्छे कपड़े भी तैयार किये जाते है।

  • पशु हमें भोजन और मांस प्रदान करते हैं

प्राचीन काल से ही मनुष्य दूध और मांस प्राप्त करने के लिए गाय, भेड़, बकरी, भैंस जैसे पालतू जानवरों को पालने का काम करते हैं। जानवरों ने मनुष्यों को दूध देने के साथ ही उनके खेतों में और अन्य कार्यों में भी मदद की। दूध एक स्वस्थ आहार का एक मजबूत घटक है और यह हमें उन्हीं जानवरों से प्राप्त होता है। यह सब यही दर्शाता है कि जानवर मनुष्य के जीवन के लिए कितने महत्वपूर्ण हैं।

  • मनोरंजन और रखवाली के लिए जानवरों का उपयोग

हर युग में कुत्तों को इंसानों का सबसे वफादार माना जाता है। ज्यादातर लोग अपने घरों में कुत्तों को पालतू जानवर के रूप में रखते हैं, क्योंकि कुत्ते अपने मालिक के प्रति सबसे वफादार जानवर होते हैं। किसी भी कीमत पर वो उस जगह की सुरक्षा को बनाये रखने में मदद करते हैं। कई जानवर जैसे- भालू, बंदर, शेर, कुत्ते, इत्यादि के नृत्य सर्कस में या चिड़ियाघरों में अन्य जानवर अपने करतबों से लोगों का मनोरंजन भी करते हैं। इस तरह से जानवर मनुष्यों के लिए काफी उपयोग होते हैं।

इन जानवरों के अलावा कुत्तों को प्रशिक्षित किया जाता है और उनके मदद से विभिन्न आपराधिक मामलों को सुलझाने में उनका उपयोग किया जाता है। कुछ जानवर ऐसे होते हैं जो मनुष्यों के द्वारा खेती करने और उनकी रक्षा करने के लिए उपयोग में लाये जाते हैं, ताकि फसलों को नष्ट होने से बचाया जा सके। इस तरह से हम देख सकते हैं कि जानवर हमारे जीवन के लिए कितना उपयोगी हैं। पारिस्थितिकी तंत्र में उनकी उपस्थिति मनुष्यों के अस्तित्व के लिए बहुत ही आवश्यक है।

क्या मानवीय गतिविधियां जानवरों के विलुप्त होने का प्रमुख कारण है?

इस प्रश्न का उत्तर केवल हाँ है। हम इंसान ये भूल गए हैं कि इस धरती पर अन्य प्राणी भी रहते हैं। उनके पास भी पृथ्वी पर मौजूद संसाधनों में बराबर का हिस्सा है। लेकिन यह दुःख का विषय है की मनुष्य अपने लालच के कारण जानवरों को अपने आवास को खोना पड़ रहा हैं। मनुष्यों द्वारा की गयी कई गतिविधियों के कारण जानवरों का आवास नष्ट हो गया है। इसके कारण विभिन्न प्रजातियों के प्राणी या तो विलुप्त हो चुके है या विलुप्ति के कगार पर है।

हम जानवरों के बिना जीवन की कल्पना भी नहीं कर सकते हैं। इस धरती पर जीवित जीवों की अपनी एक अलग भूमिका है, और यह पारिस्थितिकी तंत्र में खाद्य शृंखला को बनाये रखने के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है। जानवरों की उपस्थिति के बिना मनुष्य के जीवन के अस्तित्व की कल्पना करना मुश्किल है, लेकिन वर्तमान परिदृश्य को देखकर ऐसा लगता है कि आने वाले समय में मनुष्य का जीवन भी खतरे में है। हम मनुष्यों को अपनी गलतियों का एहसास करने की बहुत ही आवश्यकता है नहीं तो बहुत देर हो जाएगी। हाल ही में हम कोविड-19 महामारी से गुजर रहे हैं। कुछ वैज्ञानिकों का मानना है कि मनुष्यों द्वारा प्रकृति और प्राणियों के प्रति लापरवाही का यह नतीजा है, जो हमें इस महामारी तक ले आया है।

निष्कर्ष

इस पृथ्वी पर विभिन्न प्रकार के प्राणी हमारे जीवन के लिए विभिन्न प्रकार से महत्त्व रखते हैं। जानवरों से मिलने वाले कई लाभों के अलावा वो हमें जीने के महत्वपूर्ण सबक भी सिखाते हैं, जैसे- करुणा, सम्मान, आत्मनिर्भरता इत्यादि। मुख्य मुद्दा जानवरों का इस धरती से विलुप्त होने का है। यह हम मनुष्यों की ही जिम्मेदारी बनती है कि हम इन जानवरों की रक्षा करें और पृथ्वी को सुरक्षित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *